पटना । दो अक्टूबर से दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कौशल प्रतियोगिता के लिए चयनित बिहारी प्रतिभागियों को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सम्मानित किया। प्रतिभागियों का चयन लखनऊ, बेंगलुरु व भुवनेश्वर में आयोजित क्षेत्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर हुआ है।
सीएम ने अधिवेशन भवन में प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि स्थिर मन और ऊंचे मनोबल से ही सफलता मिलेगी। क्षेत्रीय प्रतियोगिता में बिहार के 22 बच्चे सफल हुए हैं। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी आपको सफलता मिले, ऐसी मेरी शुभकामनाएं हैं। उन्होंने कहा स्किल डेवलपमेंट से रोजगार कोे बढ़ाया जा सकता हैै । बिहार कौशल विकास मिशन के माध्यम से 2022 तक एक करोड़़ युवाओं को हुनरमंद बनाने का लक्ष्य है।
युवाओं को रोजगार व गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण देने के लिए तीन संस्थानों से एमओयू भी हुआ। समझौता पत्र पर निदेशक धर्मेंद्र सिंह ने हस्ताक्षर किया। ये कंपनियां मधेपुरा इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव प्राइवेट लिमिटेड, सीआईएससीओ सिस्टम (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड एवं टालबरम-एचपीएसपीएल हैं ।
श्रम संसाधन मंत्री विजय कुमार सिन्हा व प्रधान सचिव दीपक कुमार सिंह ने भी अपने विचारों को रखा। इस अवसर पर विकास आयुक्त अरुण कुमार सिंह, सीएम सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी, श्रम आयुक्त गोपाल मीणा, कंपनियों के प्रतिनिधि व प्रतिभागियों के परिजन मौजूद थेे।