मुख्य समाचार

चंडी-इस्लामपुर में खुलेंगे सब्जी व पान अनुसंधान संस्थान 

पटना । नालंदा के चंडी में संचालित सेंटर फाॅर एक्सलेंस में सब्जी एवं इस्लामपुर में पान अनुसंधान संस्थान खुलेंगे । साथ ही बिहार में छह नये कृषि विज्ञान केंद्र भी खोलने की योजना है । डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने बामेती में कृषि, पशुपालन व सहकारिता विभाग से जुड़ी केंद्र प्रायोजित 524 करोड़ की योजनाओं की समीक्षा के बाद उक्त जानकारी दी।  अधिकारियों को हर तीन माह पर समीक्षा बैठक कर पूरी राशि खर्च करने की कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया । बैठक में कृषि मंत्री प्रेम कुमार और सहकारिता मंत्री राणा रणधीर के अलावा केंद्र व राज्य सरकार के वरीय अधिकारी मौजूद थे। 

डिप्टी सीएम ने कहा कि 186.83 करोड़ की राष्ट्रीय गोकुल मिशन के तहत पूर्णिया में 64 करोड़ की लागत से सिमेन सेंटर एवं बक्सर के डुमरांव में 75 एकड़ जमीन पर 8 करोड़ की लागत से देशी पशुओं के नस्ल सुधार के लिए गोकुल ग्राम की स्थापना की जा रही है। इन दोनों परियोजनाओं के लिए भारत सरकार ने 65 करोड़ रुपये जारी कर दिया है। 

बिहार में 1250 कृत्रिम गर्भाधान केंद्र व मोतिहारी - पटना में गर्भाशय ट्रांसफर तकनीक केंद्र स्थापित किए जायेगे । पशु संजीवनी योजना के अंतर्गत पशुओं की गणना और टैगिंग होगी । नीली क्रांति योजना के अंतर्गत केन्द्र सरकार द्वारा स्वीकृत 278 करोड़ की परियोजना के लिए 40 करोड़ राशि जारी कर दी गयी है। 

एनसीडीसी ने बिहार को 2300 करोड़ से अधिक का ऋण सस्ती दर पर स्वीकृत किया है । धान खरीद के लिए को-आॅपरेटिव बैंक को 800 करोड़, काॅम्फेड को 500 करोड़ एवं डेयरी क्षेत्र के विकास के लिए आईसीडीपी योजना के अंतर्गत 600 करोड़ रुपये का ऋण दिया गया है । एनसीडीसी द्वारा राज्य के 8463 पैक्सों में प्रति पैक्स 20 लाख रुपये की लागत से कृषि सयंत्र केंद्र की स्थापना के लिए 1692 करोड़ की योजना की स्वीकृति अंतिम चरण में हैं । 
 


संबंधित खबरें