पटना । राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन योजना को राज्य में स्वीकृति दी गई है। योजना के कार्यान्वयन से चावल, गेहूं, दलहन व कोर्स सिरियल तथा वाणिज्यिक फसल गन्ना एवं जूट के उत्पादन तथा उत्पादकता में वृद्धि होगी। 2018-19 में 9720.625 लाख की लागत से इस योजना का कार्यान्वयन होगा।
कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने बताया कि योजना के अंतर्गत केंद्रांश मद में 5832.375 लाख रुपये, राज्यांश मद में 3888.25 लाख रुपये तथा राज्यांश मद से अतिरिक्त सहायता के रूप में 318.515 लाख रुपये यानी 10039.140 लाख रुपये व्यय किया जायेगा। केंद्र सरकार बिहार के चयनित 15 जिलों में चावल, 10 जिलों में गेहूं, 38 जिलों में दलहन एवं 11 जिलों में कोर्स सिरियल मोटा अनाज फसल से संबंधित विभिन्न कार्यक्रम कार्यान्वित करेगी।
इनके अलावा वाणिज्यिक फसल के अंतर्गत 5 जिलों में गन्ना एवं 9 जिलों में जूट संबंधित कार्यक्रम कार्यान्वित होगा। इससे राज्य में खाद्यान्न एवं नगदी फसल के उत्पादन में वृद्धि होगी और किसानों की आय में वृद्धि होगी ।