पटना । बिहार शताब्दी निजी नलकूप योजना के तहत अनुदान की आॅनलाइन भुगतान प्रणाली का शुभारंभ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। लघु जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव केके पाठक ने बताया कि किसानों के लिए सिंचाई के साधन विकसित होने से कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी। इसके लिए सभी प्रखंडों में निजी नलकूप योजना की शुरुआत की गई है। किसान की अपने नाम से कम से कम 40 डिसमिल कृषि योग्य भूमि होनी चाहिए।
आवेदन स्वीकृति के बाद 45 दिनों के अंदर नलकूप लगा कर आॅनलाइन भुगतान के लिए दावा किया जा सकेगा। 21 दिनों के अंदर बोरिंग की जांचकर राशि बैंक खाते में भेजी जाएगी । 70 मीटर की गहराई के नलकूप के लिए 328 रुपए प्रति मीटर की दर से 15 हजार रुपये, 100 मीटर तक की गहराई के नलकूप के लिए 597 रुपए प्रति मीटर की दर से अधिकतम 35 हजार रुपये अनुदान दिए जाएंगे। सीएम ने निर्देश दिया कि सभी काम ठीक से हो । इसके लिए विभाग को और इंजीनियर की जरूरत हो, तो बहाल करें ।
बैठक में लघु जल संसाधन मंत्री दिनेश चंद्र यादव, मुख्य सचिव दीपक कुमार, सीएम सचिचालय के सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।