मुख्य समाचार

नोटबंदी से आईटीआर में 50 फीसदी का इजाफा : सुशील चंद्रा

नई दिल्ली/ एजेंसी/4.12.18 । आयकर रिटर्न (आईटीआरफाइल करने वालोें की संख्या में इस साल 50 फीसदी का इजाफा हुआ है । निर्धारण (असेसमेंट) वर्ष 2018-19 में अब तक आईटीआर फाइल करने वालों की संख्या 6.08 करोड़ पहुंच गयी है । 

नोटबंदी का असर  : केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) के चेयरमैन सुशील चंद्रा ने कहा कि यह नोटबंदी का असर है। इससे कर का दायरा काफी बढ़ा है । उन्होंने उम्मीद जतायी कि चालू वित्त वर्ष में 11.5 लाख करोड़ रुपये का लक्ष्य हासिल हो जायेगा । अभी तक कुल प्रत्यक्ष कर संग्रह बजट अनुमान का 48 प्रतिशत है । सीआईआई इंटरनेशनल टैक्स काॅन्फ्रेंस से अलग उन्होंने उक्त जानकारी दी।

काॅरपोरेट टैक्स पेयर्स बढ़े  : सीबीडीटी अध्यक्ष ने कहा कि नोटबंदी के कारण काॅरपोरेट कर दाताओं की संख्या पिछले साल के सात लाख से बढ़कर आठ लाख हो चुकी है। कर संबंधी सूचनाओं के आदान-प्रदान के तहत 70 देश भारत के साथ सूचनाएं साझा कर रहे हैं । इस साल अब तक 2.27 करोड़ रिफंड दिये गये हैं । यह संख्या भी पिछले साल की तुलना में 50 प्रतिशत अधिक है। 

चार घंटे में मिलेगा ई-पैन : सीबीडीटी आवेदन मिलने के चार घंटे के अंदर ई-पैन देने की व्यवस्था पर काम कर रहा है । काॅरपोरेट कर की दर कम करने के सरकार की प्रतिबद्धता का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कर व्यवस्था का अनुपालन ठीक से होना चाहिए ताकि सरकार दरें कम करने की स्थिति में आ सके। 

दो करोड़ लोगों को एसएमएस : चंद्रा ने कहा कि विभाग ने रिटर्न नहीं भरने एवं रिटर्न से आय का मिलान नहीं पर दो करोड़ लोगों को एसएमएस भेजा है । इस साल अब तक 70 हजार से अधिक मामलों में कर अधिकारियों ने आॅनलाइन समाधान निकाला है ।    

दिल्ली के चांदनी चौक में एक निजी लाॅकर सुविधा से 25 करोड़ रुपये की जब्ती पर चेयरमैन ने कहा कि विभाग यह पता लगाने का प्रयास कर रहा है कि यह राशि जमा कराने वाले ग्राहकों के बारे में उचित जानकारी लेने के बाद रखी गई या नहीं । आयकर विभाग ने चांदनी चौक में 3 दिसंबर,2018 को एक निजी लाॅकर सुविधा से 25 करोड़ रुपये बरामद की थी।


संबंधित खबरें