मुख्य समाचार

क्रय केंद्र पर किसान जितना धान लायेंगे, सरकार खरीदेगी 

पटना/ 05.12.2018 । कैमूर-रोहतास के डेढ़ सौ से अधिक पैक्स व व्यापार मंडल अध्यक्ष के प्रतिनिधियों ने डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी से मुलाकात की। उन्होंने प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि क्रय केंद्र पर किसान जितना धान लायेंगे, सरकार उसकी खरीद करेगी। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किसान नेता राजेन्द्र सिंह कर रहे थे। सहकारिता मंत्री राणा रणधीर भी इस मौके पर उपस्थित थे। 

धान अधिप्राप्ति के लिए पैक्सों को पहले की तुलना में 3 प्रतिशत कम ब्याज पर ऋण तथा पहली बार प्रति क्विंटल धान की खरीद पर 10 रुपये का प्रबंधकीय अनुदान दिया जायेगा। डिप्टी सीएम ने कहा कि पिछली बार जिस जिले से जितना धान संग्रह हुआ था, उससे कम संग्रह इस साल नहीं होगा। जरूरत हुई तो भारत सरकार से बिहार के लिए निर्धारित धान अधिप्राप्ति कोटा को बढ़ाने का आग्रह किया जायेगा। 

ऋण सुविधा : जिला सहकारी बैंक किसानों से धान खरीद के लिए पैक्स को मात्र 8 प्रतिशत ब्याज पर ऋण उपलब्ध करायेगा, जबकि पहले यह 11 प्रतिशत था। राज्य सरकार राज्य सहकारी बैंक को 9 प्रतिशत की जगह 7 प्रतिशत ब्याज पर एवं राज्य सहकारी बैंक जिला सहकारी बैंकों को 7.25 प्रतिशत पर कर्ज देगा, जो पहले से 2.25 प्रतिशत सस्ता होगा। पहली बार पैक्सों को प्रबंधकीय अनुदान के तौर पर प्रति क्विंटल धान की खरीद पर 10 रुपये, जिला सहकारी बैंक को 5 रुपये और राज्य सहकारी बैंक को 50 पैसे का अनुदान मिलेगा। 

प्रतिनिधिमंडल में दिनारा पैक्स अध्यक्ष सत्येन्द्र सिंह, मोहनिया अध्यक्ष शत्रुंजय कुमार सुमन, डेढ़गांव अध्यक्ष संजय चौधरी, रंजीत चौधरी, नोखा के पिंटु सिंह, दशरथ चौधरी , विजय सिंह, बिक्रमगंज के धनंजय पांडेय, संजय सिंह, ओमप्रकाश, जवाहर सिंह, शिवसागर व्यापार मंडल अध्यक्ष अजय व विजय चौधरी शामिल थे।


संबंधित खबरें