जमुई/ 14.12.18 । जमुई जिले के लछुआर स्थित जैन तीर्थ स्थल क्षत्रियकुंड पर नवनिर्मित जिनमंदिर के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शामिल हुए । जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर की 25 सौ वर्ष पुरानी प्रतिमा को पूरे विधान के साथ चातुर्मास पूजन के बाद मंदिर में पुनः स्थापित किया गया। इसके पहले शोभायात्रा भी निकाली गयी, जिसमें बड़ी संख्या में जैन श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।
सीएम ने पूरे विधि-विधान के साथ मंदिर में पूजा अर्चना की एवं जैन धर्म के मुख्य प्रचारक से आशीर्वाद प्राप्त किया । इस मौके पर उन्होंने कहा कि इस स्थल का ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व है । इस कारण मार्ग को विकसित किया गया है । लोगों की इच्छा के अनुरूप डैम के बगल में पैदल जाने का रास्ता बनाने का निर्देश है।
स्थल की सुरक्षा के लिए भी स्थायी ओपी निर्माण का निर्णय लिया गया है । जैन मंदिर निर्माण के बाद पर्यटकों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुये धर्मशाला निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध करायी जायेगी। अगर जरूरत पड़ी, तो आर्कियोलोजिकल सर्वे ऑफ इंडिया को सूचित कर इस स्थान की खुदाई होगी ताकि जो प्रागैतिहासिक तथ्य है, वह सामने आ सके।