पटना । युवा उद्यमी गुंजन खेमका की हत्या पर बिहार उद्योग संघ एवं पीएचडीसीसीआई बिहार ने खेद एवं रोष व्यक्त किया है । अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं लाॅ-ऑर्डर दुरुस्त करने की मांग को लेकर बीआईए का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं डीजीपी केएस द्विवेदी से मिला । सीएम ने अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं कड़ी सजा का आश्वासन दिया ।
अध्यक्ष केपीएस केशरी ने कहा कि हाजीपुर औद्योगिक क्षेत्र जैसी व्यस्त जगह पर हुई हत्या गंभीर चिंता का विषय है । ऐसी घटनाएं उद्यमी व व्यवसायियों के मनोबल को गिराती हैं । संघ ने सूबे के औद्योगिक क्षेत्रों में पुलिस गश्ती एवं सक्रियता तीव्र करने की भी मांग रखी ।
पीएचडीसीसीआई : पीएचडीसीसीआई बिहार के अध्यक्ष सत्यजीत सिंह ने कहा कि बिहार में बाहरी निवेश की स्थिति ठीक नहीं है। स्थानीय कारोबारी ही राज्य में बेहतर माहौल बना रहे हैं। इस तरह की घटना दुखद है । सरकार को ट्रेड एंड इंडस्ट्री से जुडे़ लोगों की सुरक्षा के लिए पाॅलिसी बनानी चाहिए ।