नई दिल्ली/पटना/20.12.18 । राज्यों की स्टार्ट अप रैंकिंग 2018 के परिणाम में बिहार को मार्गदर्शक (लीडर) का सम्मान मिला । रैंकिंग के नतीजे औद्योगिक नीति एवं संवर्धन विभाग (डीआईपीपी) ने नई दिल्ली में आज जारी कर दिया । यह अपने तरह की पहली रैंकिंग है । इसकी कवायद जनवरी 2016 से शुरू हुई थी।
इस अवसर पर डीआईपीपी के सचिव रमेश अभिषेक ने कहा कि रोजगार सृजन के लिए स्टार्ट-अप देश में अहमियत रखते हैं । स्टार्ट-अप नए विचारों से लैस होकर देश की सामाजिक, कृषि और सेवा क्षेत्र की समस्याएं हल करने में सक्षम हैं ।
शानदार प्रदर्शन : गुजरात
बेहतरीन प्रदर्शन : कर्नाटक, केरल, ओडिशा और राजस्थान
मार्गदर्शक : बिहार, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और तेलंगाना
आकांक्षी मार्गदर्शक : हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, उत्तर प्रदेश, और पश्चिम बंगाल
पर्वतीय राज्य : असम, दिल्ली, गोवा, जम्मू और कश्मीर, महाराष्ट्र, पंजाब, तमिलनाडु और उत्तराखंड
आरंभकर्ता : चंडीगढ़, मणिपुर, मिजोरम, नगालैंड, पुदुच्चेरी, सिक्किम और त्रिपुरा
रैंकिंग जारी करने से पहले स्टार्ट-अप नीति में नेतृत्व, इनोवेशन, संचार, पूर्वोत्तर एवं पर्वतीय राज्य नेतृत्व समेत कई श्रेणियों का आकलन किया गया । इन श्रेणियों में प्रदर्शन के आधार पर राज्यों को शानदार एवं बेहतरीन प्रदर्शन, मार्गदर्शक, आकांक्षी मार्गदर्शक, उभरते हुए राज्य और आरंभकर्ता के रूप में पहचान की गई ।
राज्य और केन्द्रशासित प्रदेश के 51 अधिकारी चैंपियन के रूप में चुने गये । इन्होंने अपने राज्यों की स्टार्ट-अप इको प्रणाली के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। पूरी प्रक्रिया में 27 राज्य और तीन केन्द्रशासित प्रदेशों ने हिस्सा लिया ।