पटना/ 02.01.2019 । 30 दिसंबर,2018 से अब तक जू में किसी पक्षी या जानवर के मरने की कोई सूचना नहीं है। व्यापक छिड़काव एवं बचाव के अन्य उपाय के बाद जू में बर्ड फ्लू नियंत्रित है । इस संबंध में किसी को आतंकित होने की जरूरत नहीं है । साथ ही मनुष्य में इसके फैलने की भी आशंका नहीं है । डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने बर्ड फ्लू की स्थिति की समीक्षा के बाद जानकारी दी । वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उन्होंने समीक्षा बैठक की ।
आईवीआरआई (बरेली) की टीम ने संजय गांधी जैविक उद्यान्न का निरीक्षण कर एवियन इनफ्लुएंजा की जांच की एवं बचाव के लिए सुझाव दिया। इस पर उद्यान प्रशासन अमल कर रहा है। 31 दिसंबर को जू की 26 प्रजाति के पक्षियों का ब्लड व अन्य सैंपल एवं मिट्टी-पानी विमान से जांच के लिए राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशुरोग संस्थान, भोपाल भेजा गया है । दूसरा सैंपल 15 जनवरी को जायेगा । अगर दोनों रिपोर्ट निगेटिव होंगे, तो उद्यान को आम लोगों के लिए खोलने का निर्णय लिया जायेगा।
ट्वाॅय ट्रेन व थ्री-डी थियेटर : संजय गांधी जैविक उद्यान में पटरीरहित 30 सीट की क्षमता के दो डिब्बे वाली ट्वाॅय ट्रेन एवं 11 करोड़ की लागत से तैयार 140 सीट का ‘थ्री-डी थियेटर’ फरवरी के दूसरे सप्ताह में शुरू हो जायेगा । थियेटर में दर्शक वन्यजीवन पर फिल्म देख सकेंगे ।
वाल्मीकिनगर टाइगर रिजर्व : इको टूरिज्म के तहत पर्यटकों की संख्या पर संतोष जताते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि दिसंबर में 1116 पर्यटकों ने आवासीय सुविधाओं का लाभ उठाया है एवं 15 हजार ने भ्रमण किया हैं ।
भीमबांध : मुंगेर स्थित भीमबांध में पर्यटकीय सुविधाओं के निर्माण कार्य को 30 जनवरी तक पूरा करने का निर्देश है। 31 दिसंबर और पहली जनवरी,2019 को करीब 7500 पर्यटकों ने भ्रमण किया ।