पटना । प्रयागराज में 15 जनवरी से 4 मार्च तक कुंभ का आयोजन हो रहा है । उत्तर प्रदेश सरकार इस महान सांस्कृतिक आयोजन में देश के हर हिस्से के लोगों की भागीदारी चाहती है । इस क्रम में उत्तर प्रदेश की पर्यटन मंत्री रीता बहुगुणा जोशी 5 जनवरी,2019 को पटना में थीं ।
पर्यटन मंत्री ने बिहार के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, डिप्टी सीएम, नेता प्रतिपक्ष समेत समस्त राज्यवासियों को प्रयागराज आने का निमंत्रण दिया । कुंभ आयोजन को यूनेस्को से विश्व धरोहर के रूप में सम्मान मिला है ।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि कुंभ आने वाले श्रद्धालुओं को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी । मेले में 10,000 लोगों की क्षमता का गंगा पंडाल, 2000 क्षमता का प्रवचन पंडाल एवं 1000 क्षमता के 4 सांस्कृतिक पंडाल तैयार हो रहे हैं । इनमें सांस्कृतिक कार्यक्रम लगातार होते रहेंगे ।
20,000 श्रद्धालुओं के लिए यात्री निवास, 5000 लोगों के लिए 5 स्टार एवं 3 स्टार टेंट की व्यवस्था है । 400 किलोमीटर सड़क का निर्माण, ट्रेनों का अधिक परिचालन एवं एक नये एयरपोर्ट का शिलान्यास भी किया गया है ।
मुख्य स्नान पर्व 15, 21 जनवरी, 4,10,19 फरवरी और 4 मार्च को है ।