पटना/नई दिल्ली/12.01.19 । सिखों के दसवें गुरु गोविंद सिंह जी के 352 वें जयंती समारोह पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 जनवरी को दिल्ली में एक स्मारक सिक्का जारी करेंगे । 5 जनवरी, 2017 को पटना में 350 वें जयंती समारोह में पीएम ने एक स्मारक डाक टिकट जारी किया था ।
गुरु गोविंद सिंह अपने आदर्शों से सबके प्रेरणा स्रोत रहे हैं । वे वीरता, त्याग और भक्ति की मिसाल थे। उन्होंने खालसा पंथ के माध्यम से देश को एकजुट करने का प्रयास किया। पंच प्यारे भारत के विभिन्न हिस्सों से थे । उनका मानना था कि मानव पीड़ा को दूर करना सबसे बड़ी सेवा है । लोगों को संपूर्ण मानव जाति को एक मानना चाहिए । कोई भी बड़ा या छोटा एवं अछूत नहीं है ।
पटना जन्म स्थल होने के कारण तख्तश्री हरिमंदिर साहिब में प्रकाश पर्व का भव्य आयोजन हो रहा है । मुख्य समारोह 13 जनवरी को है । देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां आ रहे हैं । बोल सो निहाल-सतश्री अकाल, वाहे गुरुजी की खालसा-वाहे गुरुजी की फतेह के नारों एवं शबद कीर्तन से पूरा पटना साहिब गूंज रहा है ।