मुख्य समाचार

पटना में रामलीला महोत्सव का शुभारंभ, दशहरा कमिटी ट्रस्ट ने किया आयोजन

पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में 71वें रामलीला महोत्सव का शुभारंभ पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। 21 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले महोत्सव एवं प्रदर्शनी का आयोजन दशहरा कमिटी ट्रस्ट ने किया है।

उद्घाटन समारोह के दौरान नीतीश कुमार ने कहा कि श्रीराम भारतीय संस्कृति के पर्याय हैं। आज जरूरत इस बात की है कि उनके आदर्शों को हम जीवन में उतारें। इस महोत्सव से लाखों श्रद्धालुओं को मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के जीवन और आदर्शों से जुड़ने का अवसर मिलता है। संस्कृति को सहेजने की यह प्रशंसनीय पहल है। इसके लिए उन्होंने आयोजन समिति को बधाई दी। 

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दो दशकों में बिहार की जितनी पहचान सुशासन और विकास कार्यों से हुई है, उतनी ही इसकी सांस्कृतिक विरासत और परंपरा से भी है। रामलीला महोत्सव जैसी सांस्कृतिक परंपरा से बिहार की पहचान और सशक्त हुई है।

दशहरा कमिटी ट्रस्ट ने नीतीश कुमार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आपने बिहार को नई ऊंचाई और पहचान देने का काम किया है। रामलीला महोत्सव के शुभारंभ के मौके पर आपका आना हमलोगों के लिए गौरव की बात है।

इस मौके पर ललन सर्राफ, संजय गांधी, दशहरा कमिटी ट्रस्ट के चेयरमैन कमल नोपानी, अध्यक्ष अरुण कुमार, महासचिव प्रिंस कुमार राजू, कोषाध्यक्ष डाॅ धनंजय कुमार, संयोजक मुकेश नंदन, सुषमा साहू एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
 


संबंधित खबरें