पटना/12.01.19 । राम कृष्ण मिशन पटना के सचिव स्वामी सुखानंद ने कहा कि मानवता की सेवा हमारा धर्म होना चाहिए । जो दूसरे के लिए जीता है, वहीं महान है। स्वामी विवेकानंद का भी कहना था अपने को महान समझो और बड़ा काम करो । मानवता की रक्षा के लिए कहीं बाहर जाने की जरूरत नहीं है। समीप हर जरूरतमंद का ख्याल रखो ।
स्वामी विवेकानंद की जयंती पर राष्ट्रीय युवा दिवस कार्यक्रम को स्वामी सुखानंद संबोधित कर रहे थे । कार्यक्रम का आयोजन राम कृष्ण मिशन परिसर में हुआ । उन्होंने बच्चों से कहा कि आपके अंदर काफी ऊर्जा है। जरूरत है इसे सही दिशा में ले जाने की । पूर्व राष्ट्रपति व वैज्ञानिक डाॅ एपीजे अब्दुल कलाम का जिक्र करते हुए कहा कि वे युवाओं से कहते थे ऐसा काम करो, जिससे तुम्हारे सिग्नेचर ऑटोग्राफ में बदल जाएं।
स्वामी विवेकानंद की जीवनी पर आयोजित प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित भी किया गया । बच्चों को प्रसाद स्वरूप खिचड़ी एवं मिठाई दी गई । इस मौके पर राम कृष्ण मिशन के स्वामी इस्तानंद, डाॅ असीम लाल चक्रवर्ती समेत संस्थान के सदस्य मौजूद थे।