नई दिल्ली/एजेंसी/17.01.19 । पराग मिल्क फूड्स लिमिटेड दिल्ली-एनसीआर के बाजार में प्रतिदिन 10,000 लीटर प्रीमियम ताजा गाय दूध की आपूर्ति करेगा । दूध कंपनी के पुणे डेयरी फार्म से सीधे हवाई जहाज से पहुंचेगा । इसकी कीमत 120 रुपये प्रति लीटर होगी ।
पराग मिल्क फूड्स के अध्यक्ष देवेंद्र शाह ने बताया कि कंपनी गोवर्धन, गो और प्राइड ऑफ काउज समेत विभिन्न ब्रांड के तहत दूध और अन्य डेयरी उत्पाद बेचती है । एनसीआर में शुरू में प्रतिदिन 10000 लीटर और अगले छह महीने में बढ़ाकर 20000 लीटर दूध की आपूर्ति करेंगे । कंपनी पहले से प्रीमियम गाय दूध का औसतन 34,000 लीटर सीधे तौर पर मुंबई, पुणे और सूरत में बेच रही है।
एनसीआर देश का सबसे बड़ा दूध बाजार है। यह बाजार करीब 11000 करोड़ रुपये का है । पराग ने पिछले वित्त वर्ष में 1950 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और हरियाणा में 29 लाख लीटर प्रतिदिन दूध प्रसंस्करण क्षमता के संयंत्र हैं ।