मुख्य समाचार

कृषि रोडमैप लक्ष्य पाने में पशुधन योजना होगी मददगार

पटना/28.01.19 । मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए सरकार गंभीर है । बिहार बाढ़ एवं आपदा प्रभावित राज्य है । ऐसे में पशुधन (लाइव स्टाॅक) से ही स्थायी आमदनी बढ़ सकती है । बिहार लाइव स्टाॅक मास्टर प्लान से कृषि रोडमैप लक्ष्य हासिल करने में सहूलियत होगी । 

सीएम बिहार लाइव स्टाॅक मास्टर प्लान पुस्तिका का विमोचन, पशु व मत्स्य संसाधन विभाग की विभिन्न योजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास पर ज्ञान भवन में आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे । समारोह में डिप्टी सीएम सुशील मोदी एवं मंत्री पशुपति पारस भी मौजूद थे । अगले 15 वर्षों में बिहार में पशुधन संबंधी उत्पाद की जरूरत को देखते हुए मास्टर पालन बनाया गया है । इसे अंतरराष्ट्रीय पशुधन अनुसंधान संस्थान, पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग एवं पशुधन क्षेत्र के विशेषज्ञों ने तैयार किया है । 

सीएम ने कहा पशुपालन से अब सिर्फ दूध का ही संबंध नहीं है । जैविक खेती में गाय के गोबर और गोमूत्र से बने जैविक खाद, वर्मी कंपोस्ट एवं बायो पेस्टिसाइडस जैसे बायो फर्टिलाइजर की जरूरत बढ़ेगी । ऐसे में दूध के साथ गोबर और गोमूत्र से भी आमदनी होगी । इसके लिए लोगों को प्रेरित करना होगा । जीएसडीपी में एक तिहाई से अधिक भूमिका पशु एवं मत्स्य संसाधन क्षेत्र की है । 

काॅम्फेड का दूध संग्रहण दिसंबर 2018 में 18 लाख लीटर से अधिक था । इसमें 14 लाख लीटर सीधे उपयोग में जबकि शेष दूध पनीर, मिल्क पाउडर एवं अन्य उत्पादों के रूप में आपूर्ति की जा रही है। डेयरी क्षेत्र में 2 लाख से अधिक महिलाओं ने को-ऑपरेटिव सोसाइटी बनायी है । बिहार में मछली उत्पादन में दोगुनी वृद्धि हुई है, लेकिन खपत के अनुरूप बिहार आत्मनिर्भर नहीं बन सका है। 

टेट्रापैक एप्पल ड्रिंक, सुधा मिल्क पाउडर एवं डेयरी व्हाइटनर को भी लांच किया गया । गाय व बकरी विकास योजना एवं लेयर मुर्गी फार्म के लाभुकों को सीएम ने चेक दिया । इस मौके पर बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के वीसी डाॅ रामेश्वर सिंह, पशु वैज्ञानिक वैरी शातिरो, विजय भास्कर रेड्डी व एचएन रहमान, सीएम के परामर्शी, राजस्व पर्षद के सदस्य, विकास आयुक्त, सचिव डाॅ एन विजया लक्ष्मी, काॅम्फेड की एमडी शिखा श्रीवास्तव समेत सीएम सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। 
 


संबंधित खबरें