मुख्य समाचार

जॉर्ज साहब के निधन पर दो दिनों का राजकीय शोक 

पटना/नई दिल्ली/29.01.19। पूर्व रक्षा मंत्री जॉर्ज फर्नांडिस के निधन पर बिहार सरकार ने दो दिनों के राजकीय शोक की घोषणा की है। अल्जाइमर से पीड़ित  88 वर्षीय जॉर्ज साहब का निधन मंगलवार की सुबह एम्स, नई दिल्ली में हुआ। निधन पर प्रधानमंत्री, बिहार के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, डिप्टी सीएम, विधान सभा अध्यक्ष समेत सभी राजनीतिक दल के नेताओं ने शोक सवंदेना व्यक्त की है।  

जॉर्ज फर्नांडिस मुजफ्फरपुर से पांच व नालंदा से दो बार सांसद निर्वाचित हुए। मुजफ्फरपुर में आईपीडीएल व लिज्जत पापड़ फैक्ट्री, कांटी थर्मल प्लांट, नालंदा आर्डिनेंस फैक्ट्री उनकी देन है। अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में वे रक्षा मंत्री थे। उनके कार्यकाल में ही पोखरण परमाणु परीक्षण एवं करगिल युद्ध हुआ था। कर्नाटक में जन्म लेने वाले जाॅर्ज आठ भाषाओं के जानकार थे। केंद्रीय मंत्रिमंडल में वे संचार, उद्योग एवं रेलमंत्री भी थे।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शोक संदेश में कहा कि देश ने बड़े राजनीतिक शख्सियत के साथ प्रखर वक्ता एवं करिश्माई व्यक्तित्व को खो दिया है। वे श्रमिक नेता एवं पत्रकार थे। सीएम ने उनके निधन को व्यक्तिगत क्षति बताया। डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने कहा कि जाॅर्ज फर्नांडिस संघर्ष, सादगी और अध्ययन शीलता के प्रतीक थे। एनडीए की नींव रखने में उनकी अहम् भूमिका थी। 
 


संबंधित खबरें