मुख्य समाचार

बजट सत्र शुरू, 12 को पेश होगा बिहार बजट

पटना/11.02.2019 । राज्यपाल लालजी टंडन के अभिभाषण के साथ बिहार विधानमंडल का बजट सत्र (11-20 फरवरी) शुरू हो गया। नवनिर्मित सेंट्रल हाॅल में दोनों सदन की संयुक्त बैठक में उन्होंने सरकार की उपलब्धियां बतायीं। 

12 फरवरी को 2019-20 का वार्षिक बजट डिप्टी सीएम सह वित्तमंत्री सुशील कुमार मोदी पेश करेंगे। लोकसभा चुनाव के कारण इस बार सत्र छोटा है। इस कारण विभागवार चर्चा संभव नहीं है। बजट पेश करने के बाद 15 फरवरी को लेखानुदान पर चर्चा के बाद मतदान होगा। फिर 4 माह के खर्च के लिए विनियोग विधेयक पारित कराया जायेगा।

सत्र के पहले दिन आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट वित्त मंत्री ने पेश किया। रिपोर्ट में सूबे के विकास में कृषि क्षेत्र के योगदान की चर्चा है। अनाज उत्पादन में प्रति वर्ष 4.4 फीसदी की वृद्धि हो रही है। दूध व अंडा के उत्पादन में भी वृद्धि हुई है। हालांकि दलहन व तिलहन के उत्पादन में कमी आई है। 

वित्त विभाग ने बजट से पहले उद्योग-व्यापार व परिवहन क्षेत्र, शहरी एवं ग्रामीण निकायों के प्रतिनिधि तथा कृषि, सहकारिता, वानिकी, मत्स्य व मुर्गीपालक किसानों के साथ अलग-अलग बैठक की थी। सार्वजनिक तौर पर ऑनलाइन व ऑफलाइन सुझाव प्राप्त कर उसके अनुरूप बजट तैयार किया गया है। 

2019-20 में लेखानुदान के रूप में कुल बजट प्राक्कलन में से निर्वाचन, गृह एवं आपदा प्रबंधन मद की संपूर्ण राशि एवं शेष मदों की एक तिहाई यानी 33 प्रतिशत व्यय करने के लिए प्रस्तावित की जायेगी। मॉनसून सत्र में पूरा बजट पास होगा। 
 


संबंधित खबरें