मुख्य समाचार

जवानों की शहादत का देश देगा जवाब 

पटना/नई दिल्ली/15.02.19। पुलवामा (जम्मू-कश्मीर) में सीआरपीएफ जवानों पर हुए आतंकी हमले की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी समेत सभी राजनीतिक दल ने निंदा की है। 14 फरवरी की शाम आतंकी हमले में 44 सीआरपीएफ जवान शहीद हो गये। बिहार के दो जवान संजय सिन्हा (मसौढ़ी, पटना) एवं रतन ठाकुर (कहलगांव, भागलपुर) भी वीरगति को प्राप्त हुए।  

विधानमंडल परिसर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा सीआरपीएफ जवानों पर आतंकी हमला कायरता है। यह निंदनीय है। ऐसी घटनाओं के खिलाफ देश एकजुट है। मेरा विश्वास है इसका उपयुक्त जवाब जरूर मिलेगा। शहीदों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए सीएम ने कहा जवानों की शहादत नाकाम नहीं होगी। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा पुलवामा हमले में शहीद जवानों को मेरी श्रद्धांजलि है। हमने सुरक्षा बल को कार्रवाई की पूरी आजादी दी है। वीर जवानों पर देश को पूरा भरोसा है। आतंकी घटना के पीछे जो भी ताकत है उसे जरूर सजा मिलेगी। इधर, प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में सुरक्षा मामलों की समिति की बैठक के बाद वित्तमंत्री अरुण जेटली ने कहा पाकिस्तान से मोस्ट फेवर्ड नेशन का दर्जा 22 साल बाद वापस ले लिया गया है।
 


संबंधित खबरें