बेतिया/18.02.19। केंद्रीय इस्पात मंत्री चौधरी वीरेंद्र सिंह ने कहा बेतिया स्थित सेल की स्टील प्रोसेसिंग यूनिट (एसपीयू) से स्टील की स्थानीय मांग की पूर्ति हो सकेगी। बेहतर क्वालिटी के स्टील ट्यूब और पाइप का निर्माण यहां होगा। स्टील टयूब का उपयोग जहां निर्माण क्षेत्र में, वहीं पाइप का उपयोग जल परिवहन और सिवरेज में होगा। फिलहाल यूनिट की उत्पादन क्षमता सालाना 50 हजार टन और लागत 116 करोड़ रुपये है।
केंद्रीय मंत्री स्टील प्रोसेसिंग यूनिट के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी, स्थानीय सांसद व विधायक समेत सेल के अधिकारी भी मौजूद थे।
केंद्रीय इस्पात मंत्री ने कहा बेतिया एसपीयू से जनवरी 2019 से ही ट्रायल शुरू हो गया है। इसमें बोकारो और राउरकेला स्टील प्लांट तकनीकी सहयोग कर रहे हैं। कच्चे सामान की आपूर्ति बोकारो स्टील प्लांट से होगी। उन्होंने उम्मीद जतायी कि नेशनल स्टील पाॅलिसी 2017 के तहत उत्पादन दोगुना होगा और 2031 तक यह 300 मिलियन टन पहुंच जायेगा।
केंद्रीय उपभोक्ता व खाद्य मंत्री राम विलास पासवान ने कहा एसपीयू से क्षेत्र के विकास के साथ रोजगार का भी सृजन होगा। यूनिट की उत्पादन क्षमता बढ़ने से और भी फायदा होगा। सेल के अध्यक्ष अनिल कुमार चौधरी ने कहा महात्मा गांधी के 150 वें जन्म शताब्दी समारोह वर्ष पर यूनिट का शुरू होना गर्व की बात है। बापू का पहला सत्याग्रह चंपारण की धरती पर हुआ था। इस यूनिट का लाभ चंपारण व पूर्वी यूपी के लोगों को मिलेगा।