मुख्य समाचार

बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय व स्मृति स्तूप का शिलान्यास

हाजीपुर/19.02.19 । वैशाली में पत्थर से बनने वाले बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय एवं स्मृति स्तूप का शिलान्यास मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। 315 करोड़ रुपये की लागत से 72 एकड़ में निर्माण होगा। निर्माण कार्य की अवधि ढाई वर्ष है। भवन निर्माण विभाग के प्रधान सचिव चंचल कुमार ने संग्रहालय एवं स्तूप की विस्तृत जानकारी दी । कार्यक्रम को डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी, मंत्री महेश्वर हजारी व कृष्ण कुमार ऋषि एवं प्रधान सचिव रवि मनुभाई परमार ने भी संबोधित किया। 

मुख्यमंत्री ने कहा वैशाली एक ऐतिहासिक भूमि है, जिसने दुनिया को पहला गणतंत्र दिया। इस धरती से भगवान बुद्ध और महावीर का संबंध रहा है। बिहार के गौरवशाली इतिहास को देखते हुए राज्य सरकार ने कई काम किये हैं। 

भगवान बुद्ध का अस्थि अवशेष छह जगहों से मिला है। वैशाली के मंडस्तूप से मिले अस्थि अवशेष की प्रामाणिकता अधिक है। इसकी जानकारी चीनी यात्री ह्वेनसांग की किताब से भी मिलती है। 1958-60 में मंडस्तूप की खुदाई में मिले बुद्ध के अस्थि अवशेष को पटना म्यूजियम में रखा गया है। 

सीएम ने कहा भगवान बुद्ध में श्रद्धा रखने वाले राजगीर, बोधगया व नालंदा जगहों का दौरा करते हैं। वैशाली में संग्रहालय और स्मृति स्तूप बनने के बाद लोग यहां भी आएंगे। यहां की अभिषेक पुष्करणी सूख गई है। यह दुखद है। इसके लिए जल संसाधन एवं कला संस्कृति विभाग की एक टीम गठित गई है। जो सूखने के कारणों का पता लगाकर स्वच्छ पानी की व्यवस्था करेगी। 
 


संबंधित खबरें