मुख्य समाचार

पीएम किसान सम्मान निधि योजना की पहली किस्त जारी

पटना/गोरखपुर/24.02.19। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का राज्य स्तर पर शुभारंभ राज्यपाल लालजी टंडन ने किया। पटना जिला के पांच किसान राम चंद्र वर्मा, राम कुमार शर्मा, सहजानंद सिंह, उमेश कुमार वर्मा एवं रजनीश कुमार को भुगतान का प्रमाणपत्र दिया गया। योजना में बिहार में 8,76,289 किसानों ने पंजीकरण कराया है। जांच के बाद 1,25,367 किसानों की सूची भारत सरकार को भेजी गई है। 

कार्यक्रम का आयोजन बिहार एग्रीकल्चर मैनेजमेंट एंड एक्सटेंशन ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (बामेती) परिसर में किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद, कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार, प्रधान सचिव सुधीर कुमार, कृषि निदेशक आदेश तितरमारे, उद्यान निदेशक नंद किशोर समेत सूबे के लगभग 800 किसान मौजूद थे।

इधर, राष्ट्रीय स्तर पर प्रधानमंत्री ने गोरखपुर में योजना को लांच किया। किसानों को 2,000 रुपये की पहली किस्त जारी की गई। छोटे किसान जिनके पास 2 हेक्टेयर तक कृषि योग्य भूमि है। उन्हें योजना का लाभ मिलेगा। राशि का उपयोग खेती-बारी व अन्य जरूरतों को पूरा करने के लिए किया जायेगा। देश के 12 करोड़ से अधिक किसानों को सालाना 6,000 रुपये मिलेगी।

राज्यपाल लालजी टंडन ने कहा योजना राशि सीधे लाभुक किसानों के खाते में जायेगी। पहली दिसंबर 2018 से 31 मार्च 2019 के लिए पहली किस्त की राशि दो हजार रुपये भेजी जा रही है। केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने कहा योजना में शामिल होने के लिए सहज प्रक्रिया बनाई गई है। 

कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने कहा सरकार की मंशा है कि कृषि उत्पादों के भंडार के साथ किसानों की आय भी बढ़े। इसी सोच के अनुरूप प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लिए 75,000 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। देसी गाय व भैंसपालन को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय कामधेनु आयोग कार्य करेगा। 
 


संबंधित खबरें