नई दिल्ली/पटना/26.02.19। पुलवामा आतंकी हमले का जवाब भारतीय वायु सेना के मिराज विमानों ने मंगलवार की सुबह 3ः30 बजे दे दिया। 12 लड़ाकू विमानों ने जेईएम के सबसे बड़े प्रशिक्षण शिविर बालाकोट में 1000 किलो बम बरसाकर मात्र 21 मिनट में पूरा आतंकी कैंप ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई में करीब 300 आतंकी मारे गये। भारतीय वायु सेना की कार्रवाई से देशवासियों में खुशी है।
एयर स्ट्राइक पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा आतंकवाद के खिलाफ लोगों में आक्रोश था। इसलिए कार्रवाई जरूरी थी। इससे आतंकवाद से मुक्ति मिलेगी।
डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने कहा देश भारतीय वायु सेना के साथ खड़ा है। वायु सेना ने करगिल युद्ध में भी अपना चमत्कार दिखाया था। प्रधानमंत्री ने बरौनी की सभा में कहा था जो आग आपके दिल में जल रही है, वही आग मेरे दिल में भी है। कार्रवाई से सभी खुश हैं।
कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने कहा हमें भारतीय वायु सेना पर नाज है। कार्रवाई शहीद वीर जवानों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। भारत हर चुनौती का माकुल जवाब देने में पूरी तरह सक्षम है।