पटना/03.03.19। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा देश से आतंकवाद, गरीबी, भ्रष्टाचार, कुपोषण व गंदगी को हटाना एनडीए सरकार की प्राथमिकता है। युवाओं को रोजगार के अवसर देने के लिए भी सरकार प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री गांधी मैदान में एनडीए की संकल्प रैली को संबोधित कर रहे थे।
आतंकी हमले में शहीद बिहार के तीन वीर सपूतों को नमन करते हुए पीएम ने कहा शहीदों के परिवार के साथ पूरा देश खड़ा है। 2014 से अब तक का समय देश की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने का था। आगे का समय देश को 21वीं सदी में नयी ऊंचाई पर पहुंचाने का है।
बिहार सरकार अच्छा काम कर रही है। राज्य का हर क्षेत्र में तेजी से विकास हो रहा है। पटना में मेट्रो ट्रेन का काम शुरू हो रहा है। पीएम ने जनसमूह का मैथिली, मगही एवं भोजपुरी में अभिवादन किया।

प्रधानमंत्री ने कहा देश के विकास का असर है कि इस्लामिक देशों (ओआईसी) की बैठक में भारत को निमंत्रण मिला। हाल ही में दिल्ली आये सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस ने भारत के लिए हज का कोटा बढ़ाकर दो लाख कर दिया। साथ ही सऊदी के जेल में लंबे समय से बंद 850 भारतीय कैदियों को रिहा करने का आदेश दिया।
रैली को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान, डिप्टी सीएम सुशील मोदी समेत जदयू, भाजपा व लोजपा के प्रदेश अध्यक्षों ने भी संबोधित किया। इससे पहले प्रधानमंत्री का पटना एयरपोर्ट पर राज्यपाल लालजी टंडन, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, विधान सभा अध्यक्ष विजय चौधरी व विधान परिषद् के कार्यकारी सभापति हारूण रशीद ने स्वागत किया।