वाशिंगटन/एजेंसी/03.03.19। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आरोप लगाया कि भारत बहुत अधिक शुल्क लगाने वाला देश है। इसलिए बराबर शुल्क या फिर एक मामूली शुल्क हम भी चाहते हैं। कंजर्वेटिव पॉलिटिकल एक्शन कॉन्फ्रेंस (सीपीएसी) को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा मैं 100 फीसदी टैक्स नहीं लगाने जा रहा हूं, लेकिन 25 फीसदी चार्ज करूंगा।
ट्रंप ने अमेरिकी मोटरसाइकिल हर्ले-डेविडसन का उदाहरण देते हुए कहा कि जब हम भारत को मोटरसाइकिल भेजते हैं, तो इस पर 100 प्रतिशत का शुल्क लगाया जाता है। जब भारत हमें मोटरसाइकिल निर्यात करता है, तो हम कुछ भी शुल्क नहीं लगाते हैं। इसलिए मैं परस्पर बराबर कर या फिर कम से कम एक शुल्क लगाना चाहता हूं। यह मिरर टैक्स (जवाबी शुल्क) होगा।
इस साल की शुरुआत में वाइट हाउस के एक कार्यक्रम में ट्रंप ने कहा कि वह हार्ले डेविडसन पर टैक्स 100 फीसदी से घटाकर 50 फीसदी करने के भारत के फैसले से संतुष्ट हैं। हालांकि यह भी पर्याप्त नहीं है, लेकिन ठीक है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि वह भारत को सिर्फ उदाहरण के तौर पर पेश कर रहे हैं ताकि बताया जा सके कि अन्य देश किस तरह से अमेरिकी उत्पादों पर शुल्क लगा रहे हैं। अब समय आ गया है कि अमेरिका भी परस्पर बराबर जवाबी शुल्क लगाए।