मुख्य समाचार

असंगठित श्रमिकों के लिए श्रमयोगी मानधन योजना लांच 

पटना/अहमदाबाद/05.03.19 । प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना (पीएम-एसवाईएम) का बिहार में शुभारंभ डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने किया। असंगठित कामगारों के लिए केंद्र सरकार की यह पेंशन योजना है। इसमें 55 से 200 रुपये प्रतिमाह अंशदान करने वालों को 60 वर्ष की आयु के बाद प्रतिमाह 3 हजार रुपये पेंशन मिलेगी। 

डिप्टी सीएम ने कहा कामगार जितनी राशि अंशदान करेंगे, उतनी ही राशि हर महीने सरकार भी जमा करेगी। अब तक बिहार के 33 हजार असंगठित कामगारों का निबंधन हो चुका है। आयोजन दशरथ मांझी संस्थान में किया गया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री राम कृपाल यादव, राज्य सरकार के मंत्री विजय कुमार सिन्हा, प्रधान सचिव दीपक कुमार सिंह मौजूद थे। 

इधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वस्त्रल (गुजरात) में पीएम-एसवाईएम योजना का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ किया। इसका लाभ देश के असंगठित क्षेत्र के 42 करोड़ श्रमिकों को मिलेगा। उन्होंने असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों से कहा कि जिन श्रमिकों की मासिक आय 15 हजार रुपये प्रति महीने से कम है। वे निकट के जन सेवा केंद्रों में अपना पंजीकरण करा सकते हैं।

डिप्टी सीएम ने कहा केंद्र सरकार ने बिहार के 94.42 लाख गरीबों को बीमा का सुरक्षा कवच प्रदान किया है। बिहार में 4.12 करोड़ पीएम जनधन खाताधारक के अलावा 66.29 लाख पीएम सुरक्षा बीमा धारक एवं 28.13 लाख पीएम जीवन ज्योति बीमा धारक हैं। अगर कोई जनधन खाताधारक दोनों बीमा योजनाओं में शामिल है तो उसकी मृत्यु के बाद उसके परिजन को 6 लाख रुपये तक की सहायता मिलेगी। सरकार विदेशों में फंसे श्रमिकों के लौटने और दवा आदि के लिए भी सहायता देती है। 
 


संबंधित खबरें