मुख्य समाचार

सही मार्गदर्शन व आवश्यक प्रयास से स्टार्टअप्स होंगे सफल 

पटना/16.03.19। बिहार स्टार्टअप कॉन्क्लेव का तीसरा आयोजन होटल मौर्या में किया गया। बिहार उद्योग संघ (बीआईए) के वेंचरपार्क ने कॉन्क्लेव का आयोजन किया। संयुक्त रूप से उद्घाटन उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव त्रिपुरारी शरण, वित्त सचिव राहुल सिंह, इंडियन एंजल नेटवर्क की सीईओ पद्मजा रूपारल, अशोका यूनिवर्सिटी के संस्थापक प्रमथ राज सिन्हा, बीआईए के केपीएस केसरी व संजय गोयनका ने किया। 

अपर मुख्य सचिव त्रिपुरारी शरण ने कहा स्टार्टअप्स नये बिजनस आइडिया लेकर आ रहे हैं। लक्ष्य तक पहुंचने के लिए उन्हें कई चुनौतियां से गुजरना होगा। सही मार्गदर्शन व आवश्यक प्रयास इस राह में मददगार होंगे। कॉन्क्लेव में आये एक्सपर्ट के विचार से युवा स्टार्टअप्स को सहायता मिलेगी।  

प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना (पीएमईजीपी) की चर्चा करते हुए कहा योजना स्वरोजगार के अवसर देती है, लेकिन राज्य में इसकी स्थिति ठीक नहीं है। इसकी वजह बैंकों का नकारात्मक रवैया व आवेदक का पहले से लिये गये ऋण का भुगतान नहीं करना है। अपर मुख्य सचिव ने उद्योग विभाग की विभिन्न संस्थाओं से कई दशक पहले लिये गये ऋण के अब तक भुगतान नहीं किये जाने की भी चर्चा की। इसके लिए ओटीएस स्कीम भी लायी गई। 

वित्त सचिव राहुल सिंह ने कहा स्टार्टअप की सफलता में आइडिया, कुशल मार्गदर्शन एवं वित्तीय सहायता आवश्यक है। राज्य सरकार सहयोग करने के लिए तैयार है। सरकार इनसेंटिव भी दे रही है, लेकिन एक समय के बाद उद्यमी को आत्मनिर्भर होना होगा। समय-समय पर सेल्फ एसिसमेंट करना होगा। 

इंडियन एंजल नेटवर्क की सीईओ पद्मजा रूपारल ने भी सफलता के लिए वित्तीय सहायता के साथ स्थानीय मेंटर्स के सहयोग की बात कही। 

वेंचरपार्क के चेयरमैन प्रमथ राज सिन्हा ने कहा कि बिहार के परिपेक्ष्य में बिजनस इन्क्यूबेशन एवं स्टार्टअप एक नई सोच है। बीआईए के इन्क्यूबेशन सेंटर के जरिये 25 स्टार्टअप्स अपने बिजनस आइडिया को बिजनस माॅडल में बदल आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने लोगों से वेंचर कैपिटलिस्ट के रूप में आगे आने की अपील की। 

बीआईए के अध्यक्ष के.पी.एस. केशरी ने बिहार में स्टार्टअप इको-सिस्टम को बढ़ाने के लिए राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की। चयनित स्टार्टअप को 10 लाख तक की वित्तीय सहायता मिल रही है। 5 लाख रुपये अनुदान एवं 5 लाख रुपये ब्याज मुक्त कर्ज दिया जा रहा है।  

बीआईए के सचिव एमपी बिदासरिया, पूर्व अध्यक्ष रामलाल खेतान, पूर्व उपाध्यक्ष संजय भरतिया समेत सूबे के युवा उद्यमी एवं स्टार्टअप भी मौजूद थे। 
 


संबंधित खबरें