मुख्य समाचार

पहले चरण के मतदान के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू

नई दिल्ली/पटना । लोकसभा चुनाव 2019 के पहले चरण के लिए चुनाव आयोग ने अधिसूचना जारी कर दी है। अधिसूचना जारी होते ही नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पहले चरण में बिहार के चार संसदीय क्षेत्र गया, नवादा, जमुई और औरंगाबाद में 11 अप्रैल को मतदान होगा। 

नक्सल प्रभावित इन संसदीय क्षेत्रों में उम्मीदवार 25 मार्च अपराह्न तीन बजे तक नामांकन कर सकते हैं। नामांकन पत्रों की जांच 26 मार्च को होगी। 28 मार्च तक उम्मीदवार नाम वापस ले सकते हैं।

औरंगाबाद : अधिसूचना के अनुसार औरंगाबाद संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के कुटुम्बा, रफीगंज, गुरूआ, इमामगंज और टिकारी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में सुबह 7 बजे से अपराह्न 4 बजे तक वोट डाले जाएंगे जबकि औरंगाबाद विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में सुबह 7 बजे से अपराह्न 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे। 

गया : गया संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के शेरघाटी, बाराचट्टी और बोधगया विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में सुबह 7 बजे से अपराह्न 4 बजे तक वोट डाले जाएंगे, वहीं गया टाउन, बेलागंज और वजीरगंज विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में सुबह 7 बजे से अपराह्न 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे।

नवादा : नवादा संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के रजौली और गोविंदपुर में सुबह 7 बजे से अपराह्न 4 बजे तक जबकि बरबीघा, हिसुआ, नवादा और वारिसलीगंज विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में सुबह 7 बजे से अपराह्न 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे। 

जमुई : जमुई संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के सिकंदरा, जमुई, झाझा और चकाई विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में सुबह 7 बजे से अपराह्न 4 बजे तक मतदान होगा जबकि तारापुर और शेखपुरा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में सुबह 7 बजे से अपराह्न 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे।


संबंधित खबरें