सुप्रीम कोर्ट ने बिहार के पूर्व सांसद आनंद मोहन की समय से पहले रिहाई को रद्द कर दिया है। कोर्ट ने उन्हें एक महीने के भीतर सरेंडर करने का निर्देश दिया है। आनंद मोहन गोपालगंज के तत्कालीन डीएम जी. कृष्णैया की हत्या मामले में दोषी हैं। उनकी समय से पहले रिहाई को जी.कृष्णैया की पत्नी उमा कृष्णैया ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी।
लगभग 15 वर्ष जेल में रहने के बाद बिहार सरकार ने जेल नियमावली में संशोधन किया। इसके बाद आनंद मोहन सहरसा जेल से अप्रैल 2023 में रिहा हुए। अब सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार के कारागार नियमावली संशोधन को निरस्त करते हुए उनकी रिहाई की अधिसूचना रद्द कर दी है।

5 दिसंबर 1994 को मुजफ्फरपुर जिले की एक भीड़ में जी. कृष्णैया की हत्या हुई थी। छोटन शुक्ला की हत्या के बाद समर्थकों में आक्रोश था।
छोटन शुक्ला की शवयात्रा के दौरान डीएम जी.कृष्णैया की सरकारी गाड़ी वहां से गुजर रही थी। आक्रोशित भीड़ ने हमला कर डीएम की हत्या कर दी। 2008 में पटना हाईकोर्ट ने इस मामले में आनंद मोहन को दोषी ठहराते हुए उन्हें उम्रकैद की सजा सुनाई। सुप्रीम कोर्ट ने भी उम्रकैद की सजा बरकरार रखी।