पटना । लोकसभा चुनाव को लेकर बिहार महागठबंधन में सीट बंटवारा हो गया है। साथ ही लोकसभा के पहले चरण व विधान सभा उपचुनाव के उम्मीदवारों की भी घोषणा कर दी गई है। आरजेडी 20, कांग्रेस 9, रालोसपा 5, हम 3 व विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) 3 सीटों पर चुनाव लडे़गी। राजद कोटे से एक सीट सीपीआई (एमएल) को मिलेगी।
पहले चरण के उम्मीदवार : गया से हम के जीतन राम मांझी, नवादा से राजद की विभा देवी, जमुई से रालोसपा के भूदेव चौधरी व औरंगाबाद से हम के उपेंद्र प्रसाद उम्मीदवार हैं।
विधानसभा उपचुनाव के उम्मीदवार : नवादा से हम के धीरेंद्र कुमार सिंह व डेहरी से राजद के मो फिरोज हुसैन।
लोकतांत्रिक जनता दल (लोजद) पार्टी के प्रमुख शरद यादव राजद के सिंबल पर मधेपुरा से चुनाव लड़ेंगे। चुनाव के बाद लोजद का राजद में विलय हो जाएगा।
होटल मौर्या में आयोजित संयुक्त प्रेस ब्रीफिंग में राजद प्रवक्ता मनोज झा, प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र पूर्वे, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा, हम के बीएल वैश्यंत्री व रालोसपा के सत्यानंद दांगी मौजूद थे।