नई दिल्ली/पटना/27.03.19 । भारत अंतरिक्ष में मार करने की क्षमता वाले देशों में शामिल हो गया है। अंतरिक्ष महाशक्ति में अमेरिका, रूस और चीन के बाद भारत दुनिया का चौथा देश बन गया है। भारतीय मिसाइल ने आज प्रक्षेपण के तीन मिनट के अंदर ही लो अर्थ ऑर्बिट में एक सैटेलाइट को मार गिराया। डीआरडीओ और इसरो के संयुक्त प्रयास से इस मिसाइल को विकसित किया गया है।
अंतरिक्ष में किया गया परीक्षण पोखरण परमाणु परीक्षण जैसा ही था। मिशन शक्ति की कामयाबी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैज्ञानिकों को बधाई दी है। उन्होंने वैज्ञानिकों से कहा आपने दुनिया को संदेश दिया है कि हम भी कम नहीं हैं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने भी मिशन शक्ति की सफलता पर डीआरडीओ एवं सभी वैज्ञानिकों को बधाई दी है। सीएम ने कहा कि देश को इन वैज्ञानिकों पर गर्व है। मिशन शक्ति भविष्य में देश की सुरक्षा के दृष्टिकोण से अहम है।