नई दिल्ली/पटना/30.03.19। देश के सभी बैंक, आयकर और जीएसटी ऑफिस 31 मार्च रविवार को खुले रहेंगे। वित्तीय वर्ष के समापन व राजस्व संग्रह लक्ष्य को देखते हुए आदेश दिया गया है। करदाताओं की सुविधा को देखते हुए अतिरिक्त काउंटर खोलने का भी निर्देश है।
रिजर्व बैंक ने सभी बैंकों से शाखाएं 31 मार्च को खुली रखने को कहा है। इससे 2018-19 के लिए सभी सरकारी लेन-देन कार्य पूरा हो सकेेंगे। आरटीजीएस तथा एनईएफटी समेत सभी इलेक्ट्राॅनिक लेन-देन 30 और 31 मार्च को होंगे।
सीबीडीटी ने कहा कि असेसमेंट इयर 2018-19 के लिए विलंब से व संशोधित रिटर्न भरने की अंतिम तिथि 31 मार्च 2019 है। इस कारण 30 और 31 मार्च को शनिवार और रविवार के अवकाश के बावजूद आयकर ऑफिस देश में खुले रहेंगे।
दोनों दिन कामकाज अन्य दिनों की तरह निर्धारित समय के अनुसार होंगे। चालू वित्त वर्ष में प्रत्यक्ष कर संग्रह का अनुमान 12 लाख करोड़ रुपये है। 23 मार्च तक केवल 10.21 लाख करोड़ रुपये संग्रह हुआ है, जो लक्ष्य का 85.1 प्रतिशत है।
केंद्रीय अप्रत्यक्ष एवं सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) ने कहा कि करदाताओं की सहायता के लिए पहले की तरह सीबीआईसी के सभी क्षेत्रीय कार्यालय 30 और 31 मार्च 2019 को खुले रहेंगे। चालू वित्त वर्ष में जीएसटी संग्रह लक्ष्य 11.47 लाख करोड़ है।