मुंबई/04.04.19 । रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने रेपो रेट में 25 बेसिस प्वाइंट की कटौती की है। इससे रेपो रेट 6.25 से घटकर 6 फीसदी हो गया है। रेट कटौती से होम, ऑटो व पर्सनल लोन पर ब्याज दरें कम होंगी।
दो माह में दूसरी बार रेपो रेट में कटौती की गई है। इससे पहले आरबीआई की 7 फरवरी, 2019 की मौद्रिक समीक्षा में रेट में कमी की गई थी। रिवर्स रेपो रेट 6 फीसदी से घटकर 5.75 एवं बैंक रेट 6.25 प्रतिशत पर आ गया है। सीआरआर (कैश रिजर्व रेशियो) 4 फीसदी पर बरकरार है।
रेपो रेट में आरबीआई कमर्शियल बैंकों को लोन देता है। इसके विपरीत रिवर्स रेपो रेट में बैंकों को आरबीआई में जमा धन पर ब्याज मिलता है। वित्त वर्ष 2019-20 के लिए जीडीपी विकास दर अनुमान को 7.2 फीसदी से घटाकर 7 फीसदी किया गया है।
आरबीआई की छह सदस्यीय मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) के चार सदस्यों ने रेट कटौती के पक्ष में मत दिया। 2 से 4 अप्रैल तक चली एमपीसी बैठक की अध्यक्षता आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास ने की। गवर्नर बनने के बाद यह उनकी दूसरी एमपीसी बैठक थी। अगली बैठक 3-6 जून 2019 को होगी।