मुख्य समाचार

दो आइपीएस अधिकारी निलंबन से मुक्त

पटना/10.04.19। आइपीएस अधिकारी रत्न मणि संजीव और विवेक कुमार को राज्य सरकार ने निलंबन से मुक्त कर दिया है। दोनों अधिकारियों को मुख्यालय में योगदान का निर्देश मिला है। इस संबंध में गृह विभाग ने संकल्प जारी कर दिया है। 

2003 बैच के तत्कालीन होमगार्ड डीआईजी रत्न मणि संजीव पर कर्तव्य के प्रति लापरवाही व वित्तीय अनियमितता जैसे आरोप लगे थे। इस संदर्भ में सरकार ने उन्हें 19 सितंबर 2018 को निलंबित किया था। 2007 बैच के मुजफ्फरपुर के तत्कालीन एसएसपी विवेक कुमार के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई ने बड़ी कार्रवाई की थी। इस मामले में उन्हें 17 अप्रैल 2018 को निलंबित किया गया था। 

सारण के तत्कालीन डीआईजी आलोक कुमार पर भी विभागीय कार्यवाही समाप्त करने का निर्णय लिया गया है। उन पर पद की गरिमा के खिलाफ कार्य करने व भ्रष्ट आचरण का आरोप था। इस मामले में 5 फरवरी 2013 को सरकार ने निलंबित किया था। जम्मू-कश्मीर कैडर के कारण उनकी सेवा जुलाई 2013 में वापस कर दी गई थी। वे अंतः संवर्गीय प्रतिनियुक्ति पर बिहार में तैनात थे। 
 


संबंधित खबरें