पटना/18.04.19। लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में बिहार में 62.52 फीसदी वोटिंग हुई। बांका, भागलपुर, किशनगंज, कटिहार और पूर्णिया में शाम छह बजे मतदान संपन्न हो गया। मुख्य निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार कटिहार में सर्वाधिक 68.20 मतदान हुआ। पूर्णिया में 64.54, किशनगंज में 64.10, भागलपुर में 58.20 एवं बांका में 58.00 प्रतिशत मतदान हुआ।
2014 की तुलना में इस बार मतदान का प्रतिशत 0.6 प्रतिशत बढ़ा है। पिछली बार 61.92 प्रतिशत वोट पड़े थे। कटिहार में 67.39, किशनगंज में 63.31, पूर्णिया में 63.88, बांका में 57.69 एवं भागलपुर में 57.38 प्रतिशत मतदान हुआ था ।
सीईओ एचआर श्रीनिवास ने बताया कि बांका के शंभूगंज में फायरिंग की घटना को छोड़कर अन्य जगहों पर मतदान शांतिपूर्ण रहा। फायरिंग की घटना गंभीर है। इसकी जांच की जा रही है। बांका के नक्सल प्रभावित क्षेत्र बेलहर और कटोरिया विधानसभा क्षेत्र में वोटिंग का समय 4 बजे तक ही था।
इस मौके पर एडीजी (मुख्यालय) कुंदन कृष्णन एवं अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी बाला मुरुगन डी भी मौजूद थे।