जमुई/पटना । जैन धर्म के 24 वें तीर्थंकर भगवान महावीर की जयंती क्षत्रियकुंड में धूमधाम से मनायी गयी। बच्चों ने भगवान महावीर के अहिंसा व सत्य के संदेश से लोगों को जागरूक किया । लछुआड़ स्थित तीर्थंकर महावीर विद्या मंदिर वीरायतन में भी जयंती समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर वीरायतन राजगीर से साध्वी डाॅ संप्रज्ञा व रोहिणी भी शामिल हुुईं।
साध्वी डाॅ संप्रज्ञा ने कहा भगवान महावीर ने लोगों को सत्य, अहिंसा व करूणा का पाठ पढ़ाया था। प्रेम से सभी चीजों का समाधान निकाला जा सकता है। धर्म के नाम पर युद्ध करना सही नहीं है । लछुआड़ के बच्चे महावीर का संदेश जन-जन तक फैला रहे हैं । स्कूल के प्राचार्य जीतेंद्र सिंह, वीरायतन के प्रबंधक अंजनी कुमार, महेंद्र भाई डागा, कृष्णा जैन, लक्ष्मण झा व हरदेव सिंह समेत कई गण्यमान्य मौजूद थे।

लछुआड़ जैन मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने ग्रामीण इलाकों के बच्चों में मिठाई एवं पढ़ाई संबंधित सामग्री वितरित की। शोभायात्रा में लछुआड़ के कई स्कूलों के छात्र व राज्यों से आये श्रद्धालु शामिल हुए । जिन शासन सेवा समिति मुंबई के कौशल भाई बोरा, सेवा समिति के उमेश केशरी व जैन श्वेतांबर सोसाइटी के प्रबंधक उज्ज्वल कुमार भी मौजूद थे।
राजस्थान के दिलवाड़ा जैन मंदिर के तर्ज पर क्षत्रियकुंड में भव्य जैन मंदिर बन रहा है। 2021 तक निर्माण होने की संभावना है ।
पटना में भी जैन समाज के लोगों ने भव्य शोभायात्रा निकाली। मीठापुर जैन मंदिर से शुरू हुई यात्रा नगर भ्रमण के बाद कांग्रेस मैदान स्थित जैन मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। जैन संघ के विजय कासलीवाल, प्रदीप जैन, सुरेंद्र जैन, मुकेश जैन, विमल जैन, एमपी जैन व गीता जैन समेत कई लोग उपस्थित थे।