पटना/06.05.19 । रमजान का पहला रोजा 7 मई (मंगलवार) से शुरू हो रहा है। इसके साथ ही तरावीह की नमाज आज से शुरू हो गई। इसमें बड़ी संख्या में नमाजी शामिल होकर तिलावते कलामे पाक के साथ नमाज अदा करते हैं। हर सेहतमंद इंसान को रोजा रखना फर्ज है। रमजान का महीना अल्लाह की इबादत का है। पूरा महीने खुदा की रहमतों की बारिश होती है।
रमजान का चांद 5 मई को नहीं देखा जा सका।.इस कारण चांद की रात 6 मई को है। रमजान को लेकर मस्जिदों में तैयारी पूरी हो चुकी है। शहर के मुख्य बाजार पटना मार्केट, सब्जी बाग व न्यू मार्केट की दुकानें भी सज गई हैं। इस बार गर्मी में रोजेदारों के सब्र की परीक्षा होगी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रमजान के पवित्र महीने के प्रारंभ होने पर विशेषकर मुस्लिम भाई-बहनों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा है कि रमजान का महीना रहमतों का महीना है। खुदा रोजेदारों की इबादत को स्वीकार करते हैं और उसके बदले अपनी रहमतों की बारिश फरमाते हैं।
सीएम ने दुआ की खुदा तमाम रोजेदारों की दुआओं को कबूल करें और हम सबके बीच मोहब्बत व इज्जत की भावना को बढ़ाएं ताकि हमलोग देश एवं राज्य की तरक्की में योगदान दें।