मुख्य समाचार

छठा चरण : वाल्मीकिनगर में सर्वाधिक व महाराजगंज में सबसे कम मतदान 

पटना/12.05.19। लोकसभा चुनाव के छठे चरण में बिहार में 58.47 फीसदी वोटिंग हुई। वाल्मीकिनगर, पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, शिवहर, वैशाली, गोपालगंज, सीवान और महाराजगंज सीट से 127 उम्मीदवार मैदान में थे। अब तक बिहार में 32 सीटों पर मतदान संपन्न हो गया। शेष 8 सीटों पर चुनाव के अंतिम चरण 19 मई को मतदान होगा।  

मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार वाल्मीकिनगर में सर्वाधिक 61.91 जबकि महाराजगंज में सबसे कम 53.80 प्रतिशत मतदान हुआ। वैशाली में 61.86, पश्चिम चंपारण में 61.74,पूर्वी चंपारण में 59.89, शिवहर में 59.59, गोपालगंज में 55.28 एवं सीवान में 54.65 प्रतिशत वोट पड़े। पिछले पांच चरणों की तरह इस बार भी महिलाओं की भागीदारी पुरुषों से 7.50 फीसदी अधिक है। 

2014 की तुलना में इस बार मतदान का प्रतिशत मात्र 1.22 प्रतिशत बढ़ा है। इन सीटों पर 2014 में 57.25 प्रतिशत मतदान हुआ था, जबकि इस बार 58.47 प्रतिशत वोट पड़े। 2014 में पश्चिम चंपारण में 60.49, महाराजगंज में 51.57, वाल्मीकिनगर में 61.80, वैशाली में 59.12, शिवहर में 56.73, पूर्वी चंपारण में 57.16, गोपालगंज में 54.60 एवं सीवान में 56.53 प्रतिशत वोट पड़े।

छठे चरण के लोकसभा क्षेत्रों से जांच दलों ने करीेब 1.32 करोड़ नगद एवं 1,14,484 लीटर शराब बरामद किये।   
 


संबंधित खबरें