पटना/14.05.19 । मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत गांधी मैदान में महारंगोली का निर्माण किया गया है। डीएम कुमार रवि ने बताया कि इसमें अभी रंग भरने का काम जारी है। स्थानीय मतदाताओं को भी इसमें रंग भरकर महापर्व में शरीक होने का निमंत्रण दिया जा रहा है। इसके लिए जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (विकास भवन) स्थित स्वीप कोषांग से संपर्क कर सकते हैं।
महारंगोली 41600 वर्ग मीटर में फैली है। तस्वीर ड्रोन से ली गई है। इसे बनाने में पटना आर्ट्स काॅलेज के छात्र, आंगनवाड़ी सेविका एवं सहायिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। इकोफ्रेंडली महारंगोली में सफेद रंग के लिए चूना, पीले रंग के लिए रामरस, लाल रंग के लिए गेरू एवं लकड़ी का बुरादा प्राकृतिक रंगों का प्रयोग किया गया है।
भव्य महारंगोली की डिजाइनिंग एवं ग्रिड के रूप में तैयार करने का काम आर्किटेक्ट आदर्श खरे एवं नौविव आर्किटेक्चर फर्म ने किया है। ड्रोन से फोटोग्राफी में मृणाल, माप एवं अन्य तकनीकी कार्य में विनम कुमार ने सहयोग किया है।
पटना नगर निगम, पथ निर्माण एवं लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभागों की भी भूमिका सराहनीय रही है। इस कार्य में स्वीप कोषांग की नोडल पदाधिकारी भारती प्रियंवदा एवं सभी सहायकों की विशेष भूमिका रही है।