बोधगया/राजगीर/पटना/18.05.2019। भगवान बुद्ध की 2563वीं जयंती पर बोधगया स्थित महाबोधि मंदिर में देश-विदेश से आये हजारों श्रद्धालुओं ने विश्व शांति के लिए प्रार्थना की। बोधिवृ़क्ष के समीप एवं मठों में बौद्ध धर्मग्रंथों का पाठ किया। इस मौके पर कई तरह के धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। शोभा यात्रा में बुद्ध के जन्म, ज्ञान प्राप्ति और महापरिनिर्वाण मुद्रा की प्रतिमाएं निकाली गईं।
उधर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 1 अणे मार्ग में बोधि वृक्ष की पूजा की। बौद्ध भिक्षुओं ने उन्हें पूजा-अर्चना करायी। सीएम ने इस मौके पर समस्त बिहारवासियों को बुद्ध पूर्णिमा की बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

बोधगया मंदिर प्रबंध समिति (बीटीएमसी) की ओर से श्रद्धालुओं के लिए भोजन, शर्बत एवं ठंडे पानी की व्यवस्था थी । बोधगया स्थित मार्ग और बौद्ध मठों को पंचशील ध्वज, तोरण द्वार और लाइट से सजाया गया है। राजगीर स्थित गृद्धकूट पर्वत पर बने शांति स्तूप पर चीन से आये बौद्ध धर्मावलंबियों ने पूजा की। इस पर्वत पर बुद्ध ने कई उपदेश दिये थे। बौद्ध धर्म के साथ हिन्दू धर्म में भी बुद्ध पूर्णिमा का विशेष महत्व है। बुद्ध को भगवान विष्णु का नौवां अवतार माना जाता है।