मुख्य समाचार

ईवीएम स्ट्रांगरूम में पूरी तरह सुरक्षित 

नई दिल्ली/पटना । निर्वाचन आयोग ने कहा है कि ईवीएम स्ट्रांगरूम में पूरी तरह सुरक्षित हैं। तीन स्तरीय सुरक्षा एवं सीसीटीवी की निगरानी में ईवीएम और वीवीपैट हैं। मतदान के बाद ईवीएम की सुरक्षा प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेवारी है। सभी मुख्य निर्वाचन अधिकारी और जिला निर्वाचन अधिकारियों को सलाह दी गई है कि वे मतगणना के विस्तृत प्रबंधों के बारे में उम्मीदवारों को जानकारी दें। 

23 मई की सुबह 8 बजे से काउंटिंग शुरू हो जायेगी। पहले पोस्टल बैलेट की गिनती और थोड़ी देर बाद विधानसभावार पोल्ड ईवीएम की गिनती होगी। मतगणना के दौरान काउंटिंग प्रोसेस की वीडियोग्राफी लगातार होगी, जिसे कैंडिडेट्स देख सकते हैं। 

छपरा में 20 मई को ईवीएम ले जाने के मामले में बिहार के अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी ईवीएम वेयर हाउस से प्रशिक्षण स्थल पर ले जाये जा रहे थे। मतदान कर्मियों को प्रशिक्षण के लिए ऐसा किया जा रहा था। इसमें 12 बीयू, सीयू एवं वीवीपैट थे। 

छपरा के निर्वाची पदाधिकारी ने जनप्रतिनिधियों को ईवीएम वेयर हाउस दिखा कर संतुष्ट किया कि इनका स्ट्रांगरूम में रखे  ईवीएम से कोई संबंध नहीं है। रिजर्व ईवीएम वेयर हाउस में जबकि मतदान के बाद ईवीएम को स्ट्रांगरूम में रखा जाता है।       

मीडिया से शिकायतें मिल रही हैं कि स्ट्रांगरूम में रखी मतदानयुक्त ईवीएम को बदलने का प्रयास किया गया है। भारत निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि ऐसी सभी खबरें और आरोप पूरी तरह गलत और सच्चाई से परे हैं। मीडिया पर वायरल दृश्यों का चुनाव के दौरान इस्तेमाल ईवीएम से कोई लेना-देना नहीं है।

मतगणना पूरी होने तक ईवीएम से जुड़ी किसी भी शिकायत से निपटने के लिए निर्वाचन सदन में एक ईवीएम नियंत्रण कक्ष 011-23052123 काम करेगा। यह 22 मई, 2019 की सुबह 11 बजे से काम करने लगेगा।
 


संबंधित खबरें