पटना/नई दिल्ली । किशनगंज को छोड़कर बिहार की सभी 39 सीटों पर एनडीए ने जीत दर्ज कर ली है। भाजपा को 17, जदयू को 16 एवं लोजपा को 6 सीट मिली है। डेहरी और नवादा सीटों पर हुए विधान सभा उपचुनाव में भी एनडीए प्रत्याशी विजयी हुए हैं।
राष्ट्रीय स्तर पर एनडीए का आंकड़ा 353, यूपीए का 90 एवं अन्य 99 है। भाजपा को 303 और कांग्रेस को 52 सीट मिली है। 2014 में एनडीए को 337, यूपीए को 59 और अन्य को 147 सीटें मिली थीं। भाजपा 282 और कांग्रेस 44 सीट पर थी।
इसके साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी दूसरी पारी शुरू करेंगे। वे वाराणसी सीट से विजयी हुए हैं। उन्हें 63.62 फीसदी वोट मिला है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी अमेठी सीट से 55120 मतों से हार गये जबकि वायनाड (केरल) में 431770 मतों से जीत दर्ज की है। अमेठी में भाजपा की स्मृति इरानी ने राहुल गांधी को शिकस्त दी । रायबरेली सीट से सोनिया गांधी जीत गई हैं।

बिहार की किशनगंज सीट महागठबंधन के घटक कांग्रेस के खाते में गई है। इस सीट से डाॅ जावेद ने 34466 मतों से जदयू प्रत्याशी सैयद अशरफ को पराजित किया है। महागठबंधन के प्रमुुख घटक राजद और रालोसपा खाता भी नहीं खोल सके जबकि 2014 चुनाव में इन्हें क्रमशः 4 और 3 सीटें मिली थीं। हम एवं वीआईपी की भी ऐसी ही स्थिति है।
चार लाख से अधिक मतों से जीतने वालों में मधुबनी से भाजपा प्रत्याशी अशोक यादव, बेगूसराय से गिरिराज सिंह और मुजफ्फरपुर से अजय निषाद हैं। जहानाबाद से जदयू उम्मीदवार चंदेश्वर प्रसाद ने सबसे कम मार्जिन 1751 से जीत हासिल की है। विधान सभा उप चुनाव में डेहरी सीट से भाजपा के सत्य नारायण सिंह और नवादा सीट से जदयू के कौशल यादव ने जीत दर्ज की है।
भाजपा के विजयी उम्मीदवार : पटना साहिब सीट से रविशंकर प्रसाद, पाटलिपुत्र से राम कृपाल यादव, सारण से राजीव प्रताप रुडी, उजियारपुर से नित्यानंद राय, आरा से राज कुमार सिंह, बक्सर से अश्विनी चौबे, बेगूसराय से गिरिराज सिंह, सासाराम से छेदी पासवान, औरंगाबाद से सुशील सिंह, बेतिया से संजय जायसवाल, मोतिहारी से राधामोहन सिंह, दरभंगा से गोपालजी ठाकुर, मधुबनी से अशोक यादव, शिवहर से रमा देवी, अररिया से प्रदीप सिंह, मुजफ्फरपुर से अजय निषाद व महाराजगंज से जनार्दन सिग्रीवाल।
जदयू के विजयी उम्मीदवार : भागलपुर से डाॅ अजय मंडल, बांका से गिरधारी यादव, नालंदा से कौशलेंद्र कुमार, काराकाट से महाबली सिंह, मधेपुरा से दिनेश यादव, जहानाबाद से चंदेश्वर प्रसाद, गया से विजय मांझी, मुंगेर से ललन सिंह, सीवान से कविता सिंह, वाल्मीकिनगर से वैद्यनाथ महतो, सीतामढ़ी से सुनील पिंटू , झंझारपुर से रामप्रीत मंडल, सुपौल से दिलेश्वर कामत, कटिहार से दुलारचंद गोस्वामी, पूर्णिया से संतोष कुशवाहा व गोपालगंज से डाॅ आलोक सुमन।
लोजपा के विजयी उम्मीदवार : जमुई से चिराग पासवान, हाजीपुर से पशुपति पारस, नवादा से चंदन सिंह, समस्तीपुर से रामचंद्र पासवान, वैशाली से वीणा देवी और खगड़िया से महबूब अली कैसर।