मुख्य समाचार

निर्मला सीतारमण बनीं वित्त मंत्री, साथ देंगे अनुराग ठाकुर

नई दिल्ली/31.05.19। निर्मला सीतारमण देश की पहली पूर्णकालिक महिला वित्तमंत्री बनीं हैं। इससे पहले प्रधानमंत्री रहते हुए इंदिरा गांधी ने 1970-71 में वित्त मंत्रालय का अतिरिक्त कार्यभार संभाला था। हिमाचल प्रदेश के अनुराग ठाकुर वित्त राज्य मंत्री की जिम्मेवारी संभालेंगे।  

वित्त मंत्री के तौर पर सीतारमण को आर्थिक नरमी, रोजगार सृजन, जीएसटी का सरलीकरण, फंसे कर्ज को काबू में लाना, निर्यात और निवेश बढ़ाने की चुनौती से निपटना होगा। सीतारमण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली पिछली सरकार में रक्षा मंत्री थीं। 

साठ वर्षीया सीतारमण ने अरुण जेटली का स्थान लिया है। जेटली ने स्वास्थ्य कारणों से मंत्री पद पर नहीं रहने की इच्छा जतायी थी। जेटली के मातहत काम कर चुकी सीतारमण 2014 में वित्त राज्यमंत्री और वाणिज्य मंत्रालय में राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार रह चुकी हैं। सितंबर 2017 में वह रक्षा मंत्री बनीं। उन्होंने जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी और लंदन स्कूल ऑफ इकोनाॅमिक्स से पढ़ाई की है।

वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के पुत्र हैं। 44 वर्षीय ठाकुर मई 2016 से फरवरी 2017 तक भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के अध्यक्ष भी रहे हैं। 
 


संबंधित खबरें