पटना/06.06.19। सीआईआई की रिपोर्ट के अनुसार राजकोषीय प्रदर्शन सूचकांक (Fiscal Performance Index) में बिहार पहले स्थान पर है। यह सरकार के बेहतर वित्तीय प्रबंधन से संभव हुआ है। मध्य प्रदेश दूसरे और छत्तीसगढ़ तीसरे स्थान पर है। 100 अंक के सूचकांक में बिहार का स्कोर सर्वाधिक 66.5 जबकि पश्चिम बंगाल का सबसे कम 23.3 है।
डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने वित्त विभाग के सभी अधिकारियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा है कि विभाग के प्रयास व कुशलता से बिहार यह उपलब्धि हासिल करने में सफल हुआ है।
सीआईआई ने 2004-05 से 2016-17 की अवधि में नॉन स्पेशल केटेगरी में शामिल 18 राज्यों का राजकोषीय प्रदर्शन सूचकांक तैयार किया है। इसमें बिहार ने गुजरात, महाराष्ट्र और हरियाणा जैसे संपन्न राज्यों को पीछे छोड़ दिया है। सबसे खराब प्रदर्शन पश्चिम बंगाल, पंजाब और केरल का है।
व्यय के मामले में आर्थिक रूप से समृद्ध राज्यों का प्रदर्शन बेहद खराब रहा है। रिपोर्ट के अनुसार कम आय वाले राज्य बिहार, छत्तीसगढ़ और ओडिशा ने व्यय में गुणवत्ता बरतते हुए राजकोषीय प्रदर्शन सूचकांक में शानदार प्रदर्शन किया है।
सूचकांक चार मानक राजस्व व पूंजी व्यय सूचकांक ( Revenue And Capital Expenditure Index), राज्य के अपने टैक्स की प्राप्तियों का सूचकांक ( Own Tax Reciepts Index ), राजकोषीय व राजस्व घाटे को दर्शाने वाले डेफिसिट प्रूडेंस इंडेक्स ( Deficit Prudence Index ) और कर्ज सूचकांक (Debt Index) के आधार पर तैयार किया गया है।