मुख्य समाचार

मुजफ्फरपुर में बनेगा आधुनिक रिसर्च सेंटर

मुजफ्फरपुर/16.06.19। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि मुजफ्फरपुर में उच्च स्तर का रिसर्च सेंटर बनेगा। इससे मुजफ्फरपुर एवं समीप के जिलों में हर साल इस मौसम में बच्चों की मौत के कारणों की सही जानकारी मिल सकेगी। सेंटर की स्थापना में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलाॅजी पुणे, नेशनल सेंटर फाॅर डिजिज कंट्रोल एवं एम्स की मदद ली जाएगी। सेंटर को सभी सहायता केंद्र सरकार देगी। 

डॉ हर्षवर्धन ने एसकेएमसीएच में भर्ती एईएस पीड़ित बच्चों का हाल जाना एवं समुचित इलाज की जानकारी अस्पताल प्रशासन से ली। 16 दिनों में  84 बच्चों की मौत से सरकार चिंतित है। बीमार बच्चों की संख्या अधिक होने के कारण एक बेड पर दो बच्चे भर्ती हैं। एसकेएमसीएच में अगले साल सौ बेड की शिशु गहन देखरेख इकाई (पीआईसीयू) तैयार होने की घोषणा केंद्रीय मंत्री ने की। 

उन्होंने कहा बीमारी के कई कारणों में एक गर्मी व नमी भी है। इसके मद्देनजर अर्थ विज्ञान विभाग की सहायता से एक्शन प्लान बनाया जायेगा। कुछ वर्षों से एईएस और जापानी इंसेफेलाइटिस (जेई) नियंत्रण में थे। 2014 के बाद इस साल प्रकोप अधिक है। 

केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री अश्विनी चौबे, राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, प्रधान सचिव संजय कुमार एवं डीएम आलोक रंजन घोष भी साथ में थे। 
 


संबंधित खबरें