पटना/17.06.19। सूबे के सभी प्राइवेट एवं सरकारी स्कूल और कोचिंग संस्थान 22 जून तक बंद रहेंगे। राज्य सरकार ने बिहार में पड़ रही भीषण गर्मी और लू को देखते हुए निर्णय लिया है। साथ ही हीट वेव से प्रभावित जिलों के बाजार भी 11 से 5 बजे तक बंद रहेंगे। इस दौरान निर्माण कार्य भी नहीं होगा।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिल्ली से लौटने के तुरंत बाद लू एवं एईएस की स्थिति की समीक्षा की। बैठक के बाद मुख्य सचिव दीपक कुमार ने प्रेस प्रतिनिधियों को जनहित में लिये गये निर्णयों की जानकारी दी। इस मौके पर अपर मुख्य सचिव आमिर सुबहानी एवं आरके महाजन, प्रधान सचिव संजय कुमार और प्रत्यय अमृत मौजूद थे।
एईएस : स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार अब तक मुजफ्फरपुर में एईएस से 102 बच्चों की मौत हुई है। इनमें 84 बच्चे एसकेएमसीएच एवं 18 बच्चे केजरीवाल चाइल्ड हाॅस्पिटल में भर्ती थे। एईएस से पीड़ित 404 बच्चों में सर्वाधिक मुजफ्फरपुर जिले से हैं। मुजफ्फरपुर जिले के मुसहरी, कांटी, मीनापुर, बोचहा, मरवां एवं मोतीपुर प्रखंड एईएस से सर्वाधिक प्रभावित हैं। मोतिहारी, सीतामढ़ी, वैशाली, शिवहर, बेतिया एवं अन्य जिले भी इससे प्रभावित हैं।
लू : लू से अब तक 77 लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों में औरंगाबाद सेे सर्वाधिक 34, गया से 26 एवं नवादा से 14 हैं। लू के 562 केस में सर्वाधिक 188 औरंगाबाद से, सीवान से 130, गया से 120 एवं नवादा से 57 हैं।