पटना/19.06.19। शहीद हवलदार अमरजीत को डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने पटना एयरपोर्ट पर श्रद्धांजलि दी। सीवान जिले के अमरजीत सिंह श्रीनगर में दुश्मनों के आईडी ब्लास्ट में शहीद हो गये। उनका पार्थिव शरीर श्रीनगर से जय प्रकाश नारायण एयरपोर्ट पटना के स्टेट हैंगर में लाया गया।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अमरजीत की शहादत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा है कि पूरा बिहार शहीद के परिवार के साथ है। शहीद जवान का राज्य सरकार की ओर से पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जायेगा।
एयरपोर्ट पर श्रद्धांजलि के बाद अमरजीत के पार्थिव शरीर को पूरे सैन्य एवं राजकीय सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव दिघवलिया भेजा गया। वहां राजकीय समारोह के साथ अंतिम संस्कार होगा, जिसमें राज्य सरकार के प्रतिनिधि, जिला एवं सैन्य प्रशासन के प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।
मंत्री नंद किशोर यादव एवं मंगल पांडेय, ब्रिगेडियर एके यादव, कर्नल हेमंत परमार, लेफ्टिनेंट कर्नल हरजिंदर सिंह, डीजीपी, गृह सचिव, पटना के आईजी, डीआईजी, डीएम एवं एसएसपी समेत प्रशासन एवं सैन्य पदाधिकारियों ने भी पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।