नई दिल्ली/एजेंसी/22.06.19। हलवा रस्म के साथ वित्त वर्ष 2019-20 के लिए बजट की छपाई का काम शुरू हो गया। शनिवार को वित्त मंत्रालय में परंपरागत हलवा रस्म का आयोजन हुआ। इसके बाद बजट दस्तावेजों की छपाई की औपचारिक शुरुआत की गई। हलवा रस्म के दौरान वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एवं अनुराग ठाकुर भी थेे।
नरेंद्र मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का पहला पूर्णकालिक बजट 5 जुलाई 2019 को पेश होगा। दरअसल, हर साल बजट को अंतिम रूप देने से कुछ दिन पूर्व नॉर्थ ब्लॉक में वित्त मंत्रालय में एक बड़ी कढ़ाई में हलवा बनाया जाता है। माना जाता है कि शुभ काम की शुरुआत मीठे से होती है।
बजट तैयार करने की प्रक्रिया से जुड़े मंत्रालय के अधिकारियों को हलवा समारोह के बाद मंत्रालय में ही रहना पड़ता है। ये अधिकारी संसद में बजट पेश होने तक मंत्रालय में ही रहते हैं। परिजनों से भी इनका संपर्क नहीं होता है। सिर्फ शीर्ष अधिकारियों को ही घर जाने की अनुमति होती है।