मुख्य समाचार

नये इनकम टैक्स पेयर्स में बिहार दूसरे नंबर पर

पटना/27.06.19। बिहार-झारखंड नये आयकर दाताओं के लिहाज से देश में दूसरे नंबर पर है। पिछले दो साल में बिहार-झारखंड में 10.50 लाख नये करदाता जुड़े हैं। रेवेन्यू में दो हजार करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है। उक्त जानकारी आयकर नई दिल्ली के प्रधान महानिदेशक (प्रशासन) के.सी.घुमरिया ने दी। ज्ञान भवन में टैक्स पेयर्स लाउंज के उद्घाटन के मौके पर वह पटना में मौजूद थे। लाउंज 1 जुलाई, 2019 तक के लिए लगाया गया है।

इस मौके पर प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त (बिहार-झारखंड) एस.डी. झा एवं अपर महानिदेशक देव ज्योति दास भी मौजूद थे। प्रधान महानिदेशक के.सी.घुमरिया ने बताया कि लोगों में आयकर भुगतान को लेकर रुचि बढ़ी है। बावजूद कई ऐसी रुकावटें हैं, जिसके कारण टैक्स ब्लॉक हो रहा है। टैक्स पेयर्स लाउंज करदाताओं को जागरूक करने एवं उनकी समस्याओं को दूर करने में सहायक होगा। 

उन्होंने कहा कि बिहार की जनसंख्या को देखते हुए अभी बहुत कुछ करना बाकी है ताकि कर संग्रहण को बेहतर किया जा सके। पिछले साल लगभग हर जिले में सेमिनार किया गया। इससे कर संग्रह काफी बढ़ा। आयकर भुगतान लोगों की राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी है।

प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त एसडी झा ने बताया कि 2019-20 में बिहार-झारखंड का राजस्व लक्ष्य 16475 करोड़ रुपये है। जिसमें बिहार का लक्ष्य 13903 एवं झारखंड का 2572 करोड़़ रुपये है। साथ ही 5 लाख नये करदाताओं को जोड़ने का भी लक्ष्य है।


संबंधित खबरें