पटना/04.07.19। इस्काॅन मंदिर, बुद्ध मार्ग से भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा आज (4 जुलाई) की दोपहर 2.30 बजे निकलेगी। श्री जगन्नाथपुरी की तर्ज पर लगातार 19 वें साल यह आयोजन पटना में हो रहा है। 40 फीट ऊंचे हाइड्रोलिक रथ पर जगन्नाथ जी शहर का भ्रमण करेंगे। साथ में भाई बलराम एवं बहन सुभद्रा भी होंगे। यात्रा का समापन शाम 7 बजे होगा।
रथ यात्रा का मार्ग : इस्काॅन मंदिर, बुद्ध मार्ग से तारामंडल, कोतवाली, डाकबंगला चैराहा, गांधी मैदान, एग्जीबिशन रोड, डाकबंगला रोड, फ्रेजर रोड, महावीर मंदिर, जीपीओ गोलंबर होते हुए इस्काॅन मंदिर मंदिर पहुंचेगी। इसके बाद प्रसाद का वितरण होगा। मार्ग में पुष्पवर्षा के साथ आरती भी होगी।
इस्काॅन, पटना के अध्यक्ष कृष्ण कृपा दास का कहना है कि रथ यात्रा एकता एवं सुख-शांति का प्रतीक है। ईश्वर की कृपा है कि जन कल्याण के लिए वे हर साल बाहर आते हैं। जगन्नाथ जी भगवान कृष्ण के ही अभिन्न स्वरूप हैं। उनकी लीला अद्भुत है। ब्रह्मांड पुराण में कहा गया है कि जो व्यक्ति भगवान का रथ खींचता है, रथ यात्रा उत्सव को देखता है, भगवान का स्वागत करता है। उसके सारे पाप नष्ट हो जाते हैं एवं जीवन की समाप्ति पर उसे भगवत धाम की प्राप्ति होती है।
इस्काॅन, पटना के प्रवक्ता नंदगोपाल दास ने बताया कि श्रद्धालुओं को इस दौरान जगन्नाथ जी का दर्शन करने, रथ खीेंचने एवं उत्सव में भाग लेने का मौका मिलेगा। आयोजन में कई राज्यों के लोग एवं विदेशी भी शामिल होंगे।